वैसे तो सभी ने अपनी गर्मी की छुट्टियों को किसी न किसी हिल स्टेशन में जाकर अवश्य बिताया होगा लेकिन कुछ अभी भी इन छुट्टियों को इन्जॉय नहीं कर पाए हैं किसी के ऑफिस से छुट्टी नहीं मिली तो किसी को ऑफिस से तो छुट्टी मिल गई लेकिन घर के कामों ने जकड़ लिया तो आज हम ऐसे ही लोगों के लिए जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह के बारे में बात करेंगे जिनको जुलाई के खुशनुमा मौसम में घूमकर अपने लिए भी कुछ यादें संजो कर रखनी हैं|
जब बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी के कहर को रोकने की कोशिश की है और इस मौसम ने मन को ये सोचने को जरूर विवश कर दिया कि गर्मी से बचने के लिए हिल स्टेशन तो सभी जाते हैं लेकिन इस मानसून का मजा दोगुना करने के लिए क्यों न एक खास ट्रिप प्लान की जाए? जिसमें सुहाने मौसम के बीच कुछ सुकून के पल हों, जिसमें हम हों, तुम हो, और वो पल बस वही ठहर से जाएं और इन पलों को खूबसूरत बनाने के लिए हमारा परिवार हो|
ऐसे ही पलों को यादगार बनाने के लिए हम बात करेंगे जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह के बारे में जहां जाकर आप एक बार फिर से यही बात कहेंगे कि इन अनजान रास्तों ने मंजिल का रास्ता बेहद ही खूबसूरत बताया है|
Table of Contents
जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह : Best Places To Visit In July-
इस जुलाई के शानदार महीने में जहां मानसून ने परेशान कर के रखा है लेकिन फिर भी यह घुमक्कड़ मन बिना किसी ट्रिप का प्लान बनाए मान नहीं रहा है क्योंकि भले ही थोड़ा कच्चा है लेकिन आखिर में दिल तो बच्चा है जी| तो आज इस दिल की बात मानते हैं क्योंकि सबका ख्याल रखने वाले इस दिल का ख्याल तो आखिर में हमें ही रखना है और जानते हैं इस मानसून का मजा दोगुना करने वाली जुलाई में घूमने की जगह के बारे में तो जल्दी से पैकिंग शुरू करिए क्योंकि इस मौसम को इन्जॉय करने के लिए जितना ज्यादा से ज्यादा समय मिल जाए उतना ही अच्छा है|
तो आगे बढ़ते हैं और जानते हैं इस मानसून में भिगोने वाली जुलाई में घूमने की जगह के बारे में-
1. महाबलेश्वर

महाराष्ट्र स्थित पर्यटकों का पसंदीदा हिल स्टेशन महाबलेश्वर समुद्र तल से लगभग 4500 फीट की ऊंचाई पर सह्याद्री पर्वतमाला पर स्थित है| अपने आप में सुंदर उद्यानों, मनमोहक हरियाली और सुरम्य दृश्यों का समागम लिए हुए महाबलेश्वर जुलाई के मौसम में अपनी रौनक में चार चाँद लगा देता है जिसकी वजह से हर कोई इसे जुलाई में घूमने की जगह की लिस्ट में जरूर रखता है|
महाबलेश्वर जिसका नाम ही भगवान शिव के रूप महाबली के नाम पर पड़ा है, आध्यात्मिकता के अनूठे उदाहरणों के साथ ही साथ प्रकृति के करीब होने के अद्भुत एहसास से भी अवगत कराता है| वास्तु कला की विशेषताओं को महाबलेश्वर मंदिर के माध्यम से दर्शाने वाला महाबलेश्वर, ताजी स्ट्रॉबेरी के लिए विश्व भर में मशहूर है| शॉपिंग के शौकीन लोगों के लिए महाबलेश्वर, चमड़े का सामान, हस्तशिल्प से लेकर कोल्हापुरी जूते तक कई वस्तुएं अपनी विशेषता के साथ खरीदारों हेतु रखे हुए है|
महाबलेश्वर में घूमने की जगह-
विल्सन पॉइंट, वेलोसिटी एंटरटेनमेंट, महाबलेश्वर मंदिर, बैबिंगटन पॉइंट, लोडविक पॉइंट, प्रतापगढ़ किला, तपोला, आर्थर सीट, ऑन व्हील्स पार्क, चाइनामैन वॉटरफॉल, एलीफैन्ट हेड पॉइंट, हेलेन्स पॉइंट, पंचगंगा मंदिर, बॉम्बे पॉइंट, लिंगमाला वॉटरफॉल, मैप्रो गार्डन, ऐल्फिनस्टिन पॉइंट, वेन्ना झील, धोबी वॉटरफॉल तथा कृष्णाबाई मंदिर आदि महाबलेश्वर के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- महाराष्ट्र
2. पुरी

पुरी जो कि भगवान जगन्नाथ की नगरी है, धार्मिक महत्व से ओत-प्रोत होने के कारण सदैव ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती रहती है| श्री विष्णु के निवास स्थान की विशेषता रखने वाला पुरी, भारत के चार धाम में से भी एक है जिसको किसी भी प्रकार के परिचय की आवश्यकता नहीं है| उड़ीसा राज्य में स्थित जगन्नाथ मंदिर, भारत के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है जहां पर भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा, भगवान बलभद्र और चक्र सुदर्शन के चार दारू रूपों में सर्वोच्च भगवान का आह्वान किया जाता है|
पुरी को जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल न् करना श्रद्धालुओं को अंधकार में रखने के समान होगा क्योंकि जून के अंत में या जुलाई की शुरुआत में पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा या श्री गुंडिचा यात्रा भी होती है जिसमें लाखों की तादाद में भीड़ उमड़ती है| तिथि के अनुरूप बात की जाए तो आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मानव जाति के कल्याण के लिए ‘चार देवताओं’ की रथ यात्रा होती है| रथ यात्रा की प्रसिद्धता का वर्णन स्कन्द पुराण में भी देखने को मिलता है|
पुरी में घूमने की जगह-
जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क, बेलेश्वर, गोल्डन बीच, विश्वनाथ हिल, चिल्का झील, काकटपुर तथा बलिहार चंडी आदि पुरी में घूमने के प्रमुख स्थान हैं|
लोकेशन- उड़ीसा
3. गोवा

गोवा जिसका जिक्र अक्सर एक घुमक्कड़ मन करता है और जहां पर बॉलीवुड के कई गानों के लिरिक्स और दृश्य फिल्माए गए हैं| बात हो ‘गोवा वाले बीच पर’ गाने की या बात हो ‘बॉम्बे टू गोवा’ मूवी की, हर जगह गोवा के बीचेस ने अपनी छाप अवश्य छोड़ी है|
क्षेत्रफल की दृष्टि से देखा जाए तो यह भारत का सबसे छोटा राज्य है लेकिन घुमक्कड़ मन की मानें तो इसकी विशालता का कोई मुकाबला नहीं है जहां पर देश से ही नहीं बल्कि विदेश से भी पर्यटकों का तांता लगा रहता है| मानसून के समय हर तरफ बिखरी हरियाली के साथ और कम बजट में गोवा घूमना हो तो आप गोवा को जुलाई में घूमने की जगह में शामिल कर सकते हैं|
बात हो रात भर पार्टियों के माहौल की या बात हो रोमांच से भरे लोगों के लिए गोवा में होने वाली वॉटर स्पोर्ट्स ऐक्टिविटीज की, बात हो यहाँ के ऐतिहासिक किलों की या बात हो गोवा में इन शोर-शराबे से दूर धार्मिकता से ओत-प्रोत मंदिर और चर्चों की, गोवा आपकी ज़िंदगी में रोशनी भरने के तमाम मौके देता रहता है|
‘बीच कैपिटल ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाने वाला गोवा, तेज गानों पर थिरकने वाले बीचेस से लेकर शांत वातावरण में प्रकृति को करीब से अनुभव कराने वाले बीचेस तक सभी कुछ इन लहरों में लिए हुए है जिसे वह पर्यटक की पसंद के अनुसार उसके समक्ष पेश करता रहता है|
गोवा में घूमने की जगह-
नॉर्थ गोवा और साउथ गोवा, गोवा में घूमने की जगह हैं जिनके बारे में विस्तृत रूप से जानकारी के लिए हमारे अन्य लेख ‘गोवा में घूमने की जगह’ को देखें| इससे आपको नॉर्थ गोवा और साउथ गोवा के सभी प्रसिद्ध स्थानों की जानकारी मिल जाएगी|
लोकेशन- गोवा
4. उदयपुर
‘झीलों का शहर’ के नाम से विश्व भर में मशहूर उदयपुर, राजस्थान राज्य का एक हीरा है जो कि हमेशा ही पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता रहता है| इसको दी जाने वाली संज्ञा से एक गाना जरूर मन में खुद ही गुनगुनाने लगी हूँ कि सोचो कि “झीलों का शहर हो, लहरों पे अपना एक घर हो” ये ख्याल ही मन को सांतवे आसमान पर पहुंचा देता है तो हकीकत में इस शहर की खूबसूरती क्या ही होगी? जिसको निहारने के लिए इसे जुलाई में घूमने की जगह में शामिल न करा जाए यह तो असंभव है|
उदयपुर की स्थापना वर्ष 1559 में महाराणा उदय सिंह द्वितीय द्वारा की गई जो कि अपनी खूबसूरती के साथ ही साथ अपनी प्राचीन परंपरा और समृद्ध संस्कृति को भी दर्शाता है| अपने धार्मिक महत्व वाले मंदिरों, खूबसूरत झीलों, शानदार किलों, वन्यजीव अभयारण्यों, महलों तथा संग्रहालयों के लिए मशहूर उदयपुर, राजस्थान पेंटिंग की प्रसिद्ध शैली का भी चित्रण करता है| इस मानसून के महीने में इसकी खूबसूरती अपने चरम पर होती है जिसको करीब से महसूस करने के लिए इसे जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना तो बनता है|
उदयपुर में घूमने की जगह-
पिछोला झील, उदयपुर मार्केट, सिटी पैलेस, फतेहसागर झील, लेक पैलेस, जगदीश मंदिर, विंटेज कार संग्रहालय, सहेलियों की बाड़ी, शिल्पग्राम, गणगौर घाट, बागोर की हवेली, करणी माता मंदिर, जीयन सागर, जयसमंद झील, जग मंदिर, सज्जनगढ़ पैलेस, उदय सागर झील तथा राजसमंद झील आदि उदयपुर में प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- राजस्थान
5. कूर्ग
कर्नाटक का मशहूर हिल स्टेशन कूर्ग जिसे कोडागु के नाम से भी जाना जाता है, पश्चिमी घाट की तलहटी के घने जंगलों से घिरा हुआ है| राज्य की राजधानी बैंगलोर से कूर्ग की दूरी लगभग 257 किलोमीटर है| कॉफी के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध कूर्ग, पर्यटकों के लिए अपने सुंदर पहाड़ी शहर में पर्वत शृंखलाएं, खूबसूरत झरने, धार्मिक स्थान, वन्यजीव तथा चाय और कॉफी के बागान का अनोखा मिश्रण लिए हुए है|
समुद्र तल से 1525 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कूर्ग, पूर्व में मैसूर से, दक्षिण में वायनाड (केरल) से, उत्तर-पश्चिम में दक्षिण कन्नड से, दक्षिण-पश्चिम में कुन्नूर से तथा उत्तर में हासन जिले से अपनी सीमाएं साझा करता है| जुलाई के मौसम में भारी वर्षा के कारण अपनी हरियाली को चारों ओर बिखेरने वाला कूर्ग, इसकी खूबसूरती को निहारने के लिए जुलाई में घूमने की जगह में शामिल किया जा सकता है|
कूर्ग में घूमने की जगह-
अब्बी फ़ॉल्स, ओंकारेश्वर मंदिर, हरंगी बांध, नामद्रोलिंग मठ, इरप्पू फ़ॉल्स, राजा की सीट, ब्रम्हगिरी वन्यजीव अभयारण्य, तालकावेरी, होन्नमाना केरे झील, हनी वैली, मंडलपट्टी ट्रैक, चिकलहोल, दुबारे एलीफैन्ट कैम्प, मदिकेरा किला, ताडियानदामोल पीक, कोटेबेटा पीक तथा मल्लल्ली फ़ॉल्स आदि कूर्ग में घूमने के प्रमुख स्थान हैं|
लोकेशन- कर्नाटक
6. मुन्नार

दक्षिण भारत का सबसे ज्यादा पसंदीदा हिल स्टेशन, मुन्नार समुद्र तल से 1600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है| तीन पहाड़ी नदियों नल्लथन्नी, मुद्रापुझा तथा कुंडला से मिल कर बना मुन्नार, अतीत में ब्रिटिश सरकार का ग्रीष्मकालीन रेसॉर्ट था| मुन्नार के सदाबहार जंगल, घाटियां, वन्य जीवन, चाय के बागान तथा हर तरफ पहाड़ों का विस्तार, इसे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाते हैं|
मुन्नार की खूबसूरती में चार चाँद लगाने वाले नीलकुरिंजी के फूल जो प्रत्येक 12 वर्ष में एक बार अपने नीले रंग से यहाँ की पहाड़ियों को नहलाते हैं, मुन्नार के घास के मैदानों और जंगलों में पाए जाते हैं| ऐसे अनोखी विरासत वाले स्थान को भला कौन जुलाई में घूमने की जगह में शामिल करने से चूक सकता है? दक्षिण भारत की सबसे ऊंची चोटी अनामुडी भी मुन्नार में है जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई 2695 मीटर से भी अधिक है और ट्रैकिंग पसंद लोगों के लिए एक वरदान है|
मुन्नार में घूमने की जगह-
अनामुडी पीक, ऐराविकुलम नेशनल पार्क, चीयप्पारा वॉटरफॉल, अट्टूकड़ वॉटरफॉल, टॉप स्टेशन, फ्लोरी कल्चर सेंटर, इको पॉइंट, एलीफैन्ट पार्क, मट्टूपेट्टी बांध, कुंडला झील, टाटा चाय संग्रहालय, पोथमेडू व्यू पॉइंट तथा ब्लॉसम हाइडल पार्क आदि मुन्नार के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- केरल
7. मनाली

हिमांचल प्रदेश का प्रसिद्ध हिल स्टेशन, मनाली न केवल देश में बल्कि विदेश में भी अपनी खूबसूरती के चर्चे बिखेरे रहता है| मनाली के बारे में किंवदंती है कि महाप्रलय के उपरांत ‘मनु संहिता’ के रचयिता मनु ने सबसे पहले इसी भूमि के एक स्थान पर दिव्य नांव से धरती पर कदम रखा था| मनाली गाँव में आज भी मनु को समर्पित मंदिर है|
सुहाने मौसम, निर्मल झीलें, ऊंचाई पर बने मंदिर, झरने तथा प्राचीन बौद्ध मठों से सुसज्जित मनाली, साहसिक गतिविधियों के खजानों से भरा पड़ा है जहां जाकर रोमांच पसंद करने वालों के लिए रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग तथा ट्रैकिंग के कई बेहतरीन विकल्प हैं| समुद्र तल से 2050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मनाली, अपने प्राकृतिक सौन्दर्य और रोहतांग पास के कारण पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहता है| सुहाने मौसम के बीच प्रकृति के सौन्दर्य का स्पर्श महसूस करना हो तो मनाली को जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना गलत निर्णय हरगिज नहीं होगा|
मनाली में घूमने की जगह-
मनु मंदिर, अटल टनल, वशिष्ठ मंदिर, वन विहार नेशनल पार्क, ओल्ड मनाली, सोलंग घाटी, हिडिंबा देवी मंदिर, हमता पास, जोगिनी वॉटरफॉल, मणिकरण, क्लब हाउस, रोहतांग पास, नेहरू कुंड, नग्गर, कसोल, तिब्बती मठ तथा सिस्सु विलेज आदि मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- हिमांचल प्रदेश
8. गुलमर्ग

कश्मीर की सुंदरता का बखान करने वाला गुलमर्ग जिसके नाम का अर्थ है ‘फूलों की घाटी’ जिसके नाम से ही इसकी सुंदरता का पता चलता है| समुद्र तल से लगभग 2730 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुलमर्ग अपने हरे घास के मैदान, सुहाने मौसम तथा सदाबहार वनों के माध्यम से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहता है|
गोल्फ कोर्स के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध गुलमर्ग जिसे दुनिया का सबसे ऊंचा ग्रीन गोल्फ कोर्स भी घोषित किया जा चुका है, श्रीनगर से मात्र 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है| गुलमर्ग जाकर आप कुछ करें या न करें लेकिन एक चीज जरूर करें जो है यहाँ की गोंडोला राइड जिसमें आप गुलमर्ग का स्वर्ग समान प्राकृतिक सौन्दर्य कुछ ही मिनटों में अपनी आँखों में बसा लेंगे जो कि आपको कभी न भूलने वाली खूबसूरत यादें अवश्य ही दे देगा| ऐसे खूबसूरत सफर में आगे बढ़ने के लिए इसे जुलाई में घूमने की जगह में अवश्य ही शामिल करें|
गुलमर्ग में घूमने की जगह-
निन्गली नाला, अलपाथर झील, महारानी मंदिर, सात झरना, गोंडोला राइड, अफरवत शिखर, फिरोजपुर नाला, गुलमर्ग गोल्फ कोर्स, खिलनमर्ग, बायोस्फीयर रिजर्व, तथा स्ट्रॉबेरी फील्ड आदि गुलमर्ग में घूमने की प्रमुख जगहें हैं|
लोकेशन- कश्मीर
9. खजुराहो

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित खजुराहो का खजुराहो स्मारक समूह, यूनेस्को का विश्व धरोहर स्थल है| खजुराहो में खजुराहो मंदिर समूह का निर्माण एक साथ कराया गया था परंतु वह दो धर्मों जैन धर्म और हिन्दू धर्म के प्रति समर्पित थे| खजुराहो स्थित जैन मंदिर और हिन्दू मंदिर अपनी कामुक मूर्तियों और नागर शैली की स्थापत्य कला के लिए विश्व भर में मशहूर हैं| झांसी से 173 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खजुराहो के ज्यादातर मंदिर 950 से 1050 के बीच चंदेला राजवंश द्वारा बनवाए गए थे|
ऐतिहासिक अभिलेखों की मानें तो 12वीं शताब्दी तक खजुराहो मंदिर के स्थल पर 85 मांदिर हुआ करते थे लेकिन वर्तमान में केवल 25 मंदिर ही बचे हुए हैं| खजुराहो अपने माध्यम से धार्मिकता का परिचय तो देता ही है साथ ही साथ यहाँ के वन्य जीव प्रेमियों के लिए उद्यान, प्रकृति की सौन्दर्य छटा को निहारने वाले झरने, ऐतिहासिक किले, मनोरंजक सफर के लिए बेनी सागर बांध तथा इतिहास के पन्नों को पलटते हुए संग्रहालय इसकी इस भूमिका में चार चाँद लगाते हैं| हिल स्टेशन के अलावा मन की शांति के अनुभव के लिए आप खुजराहो को जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल कर सकते हैं|
खजुराहो में घूमने की जगह-
पन्ना राष्ट्रीय उद्यान, कंदरिया महादेव मंदिर, पार्श्वनाथ मंदिर, विश्वनाथ मंदिर, जावरी मंदिर, पुरातत्व संग्रहालय, चतुर्भुजा मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, लक्ष्मी मंदिर, गंगऊ बांध, जैन संग्रहालय, चौंसठ योगिनी मंदिर, देवी जगदंबी मंदिर, महाराजा छत्रसाल संग्रहालय, पांडव वॉटरफॉल, रनेह वॉटरफॉल, अजयगढ़ किला, कालिंजर किला, दूल्हादेव मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर तथा बेनी सागर बांध खुजराहो के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- मध्य प्रदेश
10. वैली ऑफ फ्लावर्स (फूलों की घाटी)

दिल थाम कर बैठिए क्योंकि अब हम आपको जिस जगह के बारे में बताने जा रहें हैं वो उत्तराखंड राज्य की असली खूबसूरती है| प्रकृति की खूबसूरती को चरम पर रखने वाली वैली ऑफ फ्लावर्स, प्रकृति को करीब से महसूस करने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जिसके आकर्षण का केंद्र यहाँ के खिलते हुए फूल हैं| ट्रैकिंग वाला यह सफर भले आपको थोड़ा थकान का अनुभव कराएगा, लेकिन इस सफर की जो मंजिल होगी वो बेहद ही शानदार होगी जिसे देखकर आप एक बार वाह अवश्य कहेंगे|
प्रकृति प्रेमियों का पसंदीदा स्थान बना यह स्थान सेल्फ़ी लवर्स के लिए भी किसी खजाने से कम नहीं जहां के हर कोने में कुछ न कुछ खूबसूरती जरूर है| इस प्राकृतिक सौन्दर्य की अनुभूति करने के साथ एक बात का अवश्य ध्यान रखें की अपने साथ पानी और खाने का सामान भी ले जाएं लेकिन प्रकृति के इस सौन्दर्य को बरकरार रखने के लिए किसी भी तरह का कूड़ा यहाँ न फेकें|
परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए आदर्श स्थान बना वैली ऑफ फ्लावर्स को देखने का सही समय मानसून का ही है क्योंकि उस समय यह फूल आपको अपनी सुंदरता से अवश्य आकर्षित करेंगे जिसके कारण इसे जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह में जरूर शामिल करें|
वैली ऑफ फ्लावर्स के पास घूमने की जगह-
बद्रीनाथ, माना, औली, जोशीमठ, हेमकुंड साहिब, नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान तथा रुद्रप्रयाग, वैली ऑफ फ्लावर्स के पास के स्थान हैं जिन्हे वैली ऑफ फ्लावर्स घूमने के साथ में घूमा जा सकता है|
लोकेशन- उत्तराखंड
इसी के साथ हम हमारे लेख ‘जुलाई में घूमने की 10 बेस्ट जगह’ को समाप्त करते हैं और आशा करते हैं कि आपको आपकी आवश्यकता के अनुसार जानकारी देने में सफल रहे होंगे| अगर आपको हमारा लेख पसंद आया हो तो अपने प्रियजनों के साथ भी साझा करें| अपना कीमती समय देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद|