फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह

बसंत का यह सुहाना मौसम जब सर्दी की ठिठुरती हवाएं थमने लगी हैं और अब रजाइयों से निकलने का मन बनने लगा है तो इस मौसम के सुहाने अनुभव के लिए फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह के बारे में चर्चा होना तो लाजमी है|

फरवरी जो कि  प्यार का महीना कहा जाता है, जब खुशियाँ मनाने वालों के लिए ये दिन सौगात लेकर आते हैं| कपल्स हों, फैमिली हो या फिर दोस्त, यह दिन सभी के लिए ख़ास होते है कभी रूठे हुए पार्टनर को मनाना हो तो हग डे, कभी भाग दौड़ भरी ज़िन्दगी में सुकून भरे पलों का वादा करने के लिए प्रॉमिस डे, गिफ्ट्स के शौक़ीन लोगों के लिए टेडी डे, चॉकलेट डे, और प्यार को जाहिर करने वालों के लिए ख़ास दिन की बात हो तो वैलेंटाइन्स डे, यह सभी मौके फरवरी का महीना आपको इन रिश्तों की बगिया को सींचने के लिए देता है|

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह-

1. तवांग

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, places to visit in february, तवांग

तिब्बत, म्यांमार और भूटान की सीमाओं से लगा हुआ अरुणांचल प्रदेश का तवांग, अपनी खूबसूरती की वजह से लाखों की भीड़ में’ तराशा गया एक हीरा है जो कि उगते सूरज का स्वागत सबसे पहले करता है तथा यहाँ पर अस्त होते हुए सूरज के नजारे की खूबसूरती देखना, तारों से भरे आसमान में चाँद की खूबसूरती देखने जैसा है|

समुद्र तल से 13700 फीट(लगभग) की ऊँचाई पर स्थित सेला पास बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों, सुरम्य घाटियों से घिरा हुआ है जो अपनी प्राकृतिक सुन्दरता के लिए पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है| तवांग यहाँ के शांत वातावरण, इतिहास के पन्ने पलटने वाले स्मारकों, झरनों तथा हरे भरे जंगलों से घिरी हुई झीलों के आनंद के साथ ही साथ यहाँ के तवांग बौद्ध मठ के कारण अध्यात्म से भी ओत-प्रोत है|

तवांग में घूमने की जगह-

सेला पास, बुमला पास, तवांग युद्ध स्मारक, तवांग बौद्ध मठ, जंग वॉटरफॉल (बोंग-बोंग वॉटरफॉल), जसवंत गढ़, चकजम पुल, पंकांग टेंग त्सो झील, त्साचु हॉट स्प्रिंग, तख़्तसांग गोम्पा, गेशिला पीक, रेग्यालिंग गोम्पा आदि घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- अरुणांचल प्रदेश|

2. दिल्ली

दिल वालों का शहर दिल्ली जो कि भारत की राजधानी भी है, घूमने से लेकर खाने पीने के शौक़ीन लोगों के लिए जन्नत है जहाँ पर स्ट्रीट फ़ूड से लेकर बड़े-बड़े रेस्टोरेंट तथा शॉपिंग के लिए छोटी-छोटी दुकानों से लेकर बड़े-बड़े मॉल हैं| इंडिया गेट से जुड़े इतिहास के पन्ने खोलने हों या अक्षरधाम मंदिर में बैठ कर भक्ति में लीन होना हो, कनौट प्लेस में शॉपिंग के मजे लेने हों या फिर यहाँ की भागती दौड़ती दुनिया को सैर करके देखना हो, दिल्ली ये सारे अनुभव आपको एक साथ देता है|

दिल्ली का पर्यटन की दृष्टि से देश-विदेश में काफी महत्वपूर्ण स्थान है, जो कि इतिहास के साथ-साथ आधुनिकता का भी केंद्र है जहाँ मुगलों द्वारा बनवाई गयी कई इमारतें है| यहाँ की चांदनी चौक की तंग गलियां भी आपको खाने और तरह-तरह के सामानों के एक ही जगह पर होने का एक अच्छा एहसास देंगी| यहाँ पर आपको इस भीड़ भाड़ भरी दुनिया में कुछ सुकून के पल भी मिलेंगे| चारों ओर हरियाली से घिरा हुआ लोटस टेम्पल जो कि अपनी सुन्दरता और शांत वातावरण के लिए दुनिया भर में मशहूर है, पर्यटकों के बीच काफी चर्चित है| इसे आपको फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना चाहिए|

दिल्ली में घूमने की जगह-

लाल किला, इंडिया गेट, हुमायूं का मकबरा, क़ुतुबमीनार, लोटस टेम्पल, अक्षरधाम मंदिर, चांदनी चौक, कैनौट प्लेस, इस्कॉन मंदिर, जामा मस्जिद, जंतर मंतर, राज घाट, अग्रसेन की बावली, नेहरु पार्क, सरोजनी नगर मार्किट, नेशनल म्यूजियम, पहाड़गंज, लक्ष्मी नारायण मंदिर, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, लोधी गार्डन आदि दिल्ली में घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- दिल्ली|

3. महाबलेश्वर

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, महाबलेश्वर में घूमने की जगह
महाबलेश्वर

सह्याद्री पर्वत श्रंखलाओं में बसा महाबलेश्वर, कृष्णा नदी का उद्गम स्थल होने के कारण पवित्र तीर्थ स्थल भी है| महाबलेश्वर, भीनी भीनी हवाओं के बीच खूबसूरत वादियों वाला एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जो कि यहाँ के हरे भरे जंगलो, रसीले स्ट्रॉबेरी के लिए मशहूर है, जहाँ की वादियों से टकराकर जब हम लौटते है तो ये वादियों हमें बुलाने की साजिश में लगी रहती हैं|

पुणे से 118 किलोमीटर की दूरी पर स्थित महाबलेश्वर अपनी प्राकृतिक सुन्दरता, शांत वातावरण, बॉम्बे पॉइंट से सूर्यास्त के मनमोहक नजारों, कल-कल करते झरनों के साथ ही साथ कुछ अद्वितीय वास्तुकला के उदाहरण भी प्रस्तुत करता है जिनकी नक्काशी आपका दिन अवश्य बना देगी| महाबलेश्वर की खूबसूरती देखनी हो तो समुद्र तल से 1470 मीटर ऊपर स्थित व्यू पॉइंट, आर्थर पॉइंट एक बेहतरीन विकल्प है|

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाले प्रतापगढ़ किला, सुकून भरे माहौल से भरा तपोला गाँव, इसकी भव्यता को निहारने के लिए विल्सन पॉइंट से लेकर प्रकृति प्रेमियों की पसंद चाइनामैन वॉटरफॉल, महाबलेश्वर अपने में तमाम हीरे जड़े हुए है जिनको देखने के लिए इस स्थान को फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह में जरूर ही रखना चाहिए|

महाबलेश्वर में घूमने की जगह-

विल्सन पॉइंट, बैबिंगटन पॉइंट, इंस्टीट्यूट किला, महाबलेश्वर मंदिर, आर्थर सीट, एलीफैंट हेड पॉइंट, लिंगमाला वॉटरफॉल, मैप्रो गार्डन, वेना लेक, पंच गंगा मंदिर, एल्फिन्स्टन पॉइंट, कृष्णाबाई मंदिर, बॉम्बे पॉइंट, चाइनामैन वॉटरफॉल, धोबी वॉटरफॉल, लोडविक पॉइंट, वेलोसिटी एंटरटेनमेंट, ऑन व्हील्स पार्क, तपोला, हेलेंस पॉइंट आदि पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- महाराष्ट्र|

4. अंडमान

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, अंडमान में घूमने की जगह, cellular jail andman

बंगाल की खाड़ी में बसा द्वीप समूह अंडमान-निकोबार, उष्णकटिबंधीय वनों, रेत से घिरे समुद्र तटों तथा स्वादिष्ट समुद्री भोजन के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है| यहाँ के हरे-भरे जंगल और पानी की सरसराहट करते हुए झरने, सेलुलर जेल तथा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वीप जैसे ऐतिहासिक स्थल इसको पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाते हैं| बोटिंग, तैराकी तथा एडवेंचरस लोगों के लिए यह स्थान स्वर्ग है जहाँ आप कई वाटर एक्टिविटीज जैसे स्कूबा डाइविंग, जेट स्कीइंग, ट्रेकिंग आदि कर सकते हैं|

अंडमान निकोबार, भारत का केंद्र शासित प्रदेश है जहाँ पर आप प्राकृतिक दृश्यों के आनंद लेने के साथ ही साथ यहाँ के लोगों से उनकी संस्कृति और परम्पराओं के बारे में भी जान सकते हैं| यहाँ का राधानगर बीच जो कि हरियाली से घिरा हुआ है और इसका नीला पानी जिसमें यह हरियाली प्रतिबिम्बित होती है|

पर्यटकों और स्थानीय लोगों के मनोरंजन हेतु प्रत्येक साल यहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता है जिसमें द्वीप प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गयी प्रगति को दर्शाया जाता है जिसमें खाने के स्टाल, रुचिकर स्टाल तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट आदि शामिल रहते हैं| ऐसे रोमांचक स्थान का अनुभव करने के लिए आपको अंडमान को फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह में जरुर ही शामिल करना चाहिए| अंडमान के बारे में और अधिक जानकारी के लिए अंडमान निकोबार की आधिकारिक वेबसाइट भी देख सकते हैं|

अंडमान में घूमने की जगह-

लम्बा द्वीप, स्वराज द्वीप, सेलुलर जेल, चिड़िया टापू बीच, डिगलीपुर द्वीप, भरतपुर बीच, राधानगर बीच, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वीप, एलीफैंट बीच, महात्मा गाँधी मरीन नेशनल पार्क, शहीद द्वीप, छोटा अंडमान, काला पत्थर बीच, लक्ष्मनपुर बीच, विजयनगर बीच, बारातंग द्वीप, सीतापुर बीच, गोविंदनगर बीच, कालीपुर बीच, मुंडा पहाड़ बीच, हैवलॉक द्वीप,बैरन द्वीप, पोर्ट ब्लेयर, माउंट हैरियट और मधुबन, नार्थ बे बीच, रौस द्वीप, सिंक्वे द्वीप, जॉली बॉय द्वीप, वाइपर द्वीप, नील द्वीप आदि घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- अंडमान निकोबार (केंद्र शासित प्रदेश)

5. हैदराबाद

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, हैदराबाद में घूमने की जगह, गोलकोंडा किला
गोलकोंडा किला

तेलंगाना राज्य का अहम जिला, हैदराबाद मोतियों के शहर के रूप में जाना जाता है क्योंकि यह स्थान पहले पन्ना, हीरे और प्राकृतिक मोतियों के व्यापार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित हुआ था| स्वास्थ्य के प्रति सचेत लोगों के लिए यहाँ पर सैरगाह, खाने पीने के शौक़ीन लोगों के लिए तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन वाले रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फ़ूड से लेकर शॉपिंग पसंद लोगों के लिए यहाँ की मार्केट, हैदराबाद के रंग को देश भर में बिखेरते है|

हुसैन सागर झील के बीचोबीच भगवान बुद्ध की विशाल मूर्ति तथा इस झील में बोटिंग करना, हैदराबाद आने वाले हर पर्यटक के लिए आकर्षण का केंद्र है| यहाँ के ऐतिहासिक स्थल चारमीनार, क़ुतुब शाही मकबरे से लेकर शांत वातावरण में बना हरियाली और ख़ूबसूरती से भरा एनटीआर गार्डन अपनी मनोरंजक गतिविधियों के कारण बच्चों तथा मौज मस्ती वाले लोगो के लिए एक बेस्ट विकल्प है जहाँ आप अपनों के लिए समय निकालकर एक सुखद अनुभव कर पाएंगे|

हैदराबाद में घूमने की जगह-

हुसैन सागर झील, चौमहल्ला पैलेस, एनटीआर गार्डन, चारमीनार, सालारजंग संग्रहालय, क़ुतुब शाही मकबरा, नेहरु प्राणी उद्यान, बिड़ला मंदिर, बिरला विज्ञान संग्रहालय, गोलकोंडा किला, वंडरला एम्यूजमेंट पार्क, श्री राम चन्द्र मंदिर, उस्मान सागर झील, स्नो वर्ल्ड, रामोजी फिल्म सिटी आदि हैदराबाद में घूमने की प्रमुख जगह हैं|

लोकेशन- तेलंगाना|

6. कोहिमा

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, जुको घाटी, कोहिमा में घूमने की जगह,

नागालैंड की राजधानी कोहिमा, इतिहास में रूचि रखने वालों से लेकर, अपने प्राकृतिक सौन्दर्य के बीच साहसिक कार्यों में रूचि रखने वालों के लिए भी एक वरदान है, जहाँ का सबसे मुख्य त्यौहार हार्नबिल फेस्टिवल है जिसमें शामिल होकर आप नागालैंड के रीति-रिवाजों के बारे में जान सकते हैं लेकिन एक बात का ख़ास ध्यान रखें कि नागालैंड आने के लिए आपको इनर लाइन परमिशन की आवश्यकता होती है, बिना आई एल पी (ILP) के आप कोहिमा नहीं आ सकते हैं|

‘ग्रीनेस्ट विलेज’ के ख़िताब से नवाजे हुए खोनोमा विलेज, नागालैंड के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भूमि, किसामा हेरिटेज विलेज से लेकर प्रकृति की सर्वोत्तम रचनाओं में से एक जूको वैली, कोहिमा के प्रमुख आकर्षण में से एक है| जूको वैली, गाड़ी के लम्बे सफर के बाद 6 किलोमीटर का ट्रेकिंग का सफ़र है, लेकिन इस थकान भरे सफ़र के बाद जब आप इसके शिखर पर पहुँचते है तो सामने दिखने वाला जूको वैली की वादियों का नजारा आपकी थकान को पल भर में छूमंतर कर देगा| ऐसे अद्भुत स्थान के अनुभव के लिए आपको कोहिमा को फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह में निश्चित ही शामिल करना चाहिए|

कोहिमा में घूमने की जगह-

जूको वैली, खोनोमा विलेज, जखामा विलेज, किसामा हेरिटेज विलेज, जफ्फु पीक, तौफेमा विलेज, कोहिमा युद्ध कब्रिस्तान, कोहिमा प्राणी उद्यान, नागालैंड राज्य संग्रहालय, माओ मार्केट, मैरी हेल्प ऑफ़ क्रिस्चियन कैथेड्रल, पुलिए वाडजे वन्यजीव अभ्यारण्य आदि घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- नागालैंड|

7. कोयम्बटूर

तमिलनाडु के बड़े शहरों में से एक कोयम्बटूर, जिसे दक्षिण भारत के मैनचेस्टर के रूप में जाना जाता है जहाँ पर पर्यटकों के लिए धार्मिक स्थल, शॉपिंग सेंटर, बांध, झरने, पहाड़ी क्षेत्र जैसे कई आकर्षण के केंद्र की भरमार है| यहाँ पर बच्चों तथा युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक मनोरंजन के लिहाज से कुछ न कुछ ख़ास है| कोयम्बटूर में आदियोगी शिव प्रतिमा, देश विदेश से आये पर्यटकों के लिए विशेष तौर पर आकर्षण का केंद्र है|

बात हो विज्ञान में रूचि रखने वालो के लिए तारामंडल और विज्ञान केंद्र की, थीम और मनोरंजन पार्क में मनोरंजन और वाटर स्पोर्ट्स की या फिर एक सुकून भरे माहौल में ज़िन्दगी की उलझनों से दूर अपने प्रियजनों के साथ कुछ पल बिताने के लिए कोयम्बटूर से थोड़ी दूर स्थित वालपराई हिल स्टेशन की, ऐसी ईश्वर द्वारा दी गयी तमाम रचनाएँ कोयम्बटूर आपको एक ही स्थान पर देता है| वालपराई हिल स्टेशन, अनामलाई पर्वत श्रृंखला पर समुद्र के तल से 3500 फीट की ऊँचाई पर है, जहाँ पर चाय या कॉफ़ी के बागानों की हरियाली आपकी ज़िन्दगी को भी हरा भरा कर देगी|

कोयम्बटूर में घूमने की जगह-

मरुधमलाई मंदिर, पेरूर पाटेश्वर मंदिर, विक्टोरिया टाउन हॉल, ईशा योग केंद्र, सिरुवानी बांध, वैदेही वॉटरफॉल, आदियोगी शिव प्रतिमा, कोवई कोंडट्टाम, वीओसी पार्क, मंकी वॉटरफॉल आदि प्रमुख घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- तमिलनाडु|

8. श्रीनगर

फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह, दल लेक का दृश्य, श्रीनगर में घूमने की जगह

झेलम नदी के तट पर स्थित श्रीनगर, जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी है जो कि शांति से अवगत कराने वाली झीलों, बगीचों और हाउसबोट के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है| जब भाग दौड़ भरी ज़िन्दगी में परिवार के साथ समय बिताने को छुट्टियों का नाम आये और मन में श्रीनगर की छवि न दिखे, ऐसा हो ही नहीं सकता| सभी के मन में अद्भुत छवि बनाये हुए श्रीनगर, अपनी वादियों और प्राकृतिक दृश्यों से मन मोह लेता है|

कश्मीरी वेनिस के रूप में जाना जाने वाला श्रीनगर में “श्रीनगर का गहना” के रूप में प्रसिद्ध डल झील, कश्मीरी हिरणों का निवास स्थान, दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान से लेकर मुग़ल वास्तुकला का उदाहरण बना खूबसूरत चश्मा शाही उद्यान,जो कि झरने के चारों और बना है, अपनी अलौकिक छटा के कारण पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है|

श्रीनगर में घूमने की जगह-

डल झील, परी महल, बोटैनिकल गार्डन, हरवान गार्डन, दाचीग्राम राष्ट्रीय उद्यान, ट्युलिप गार्डन, हरि पर्वत किला, निगीन झील, बादामवारी, चश्मा शाही, शालीमार गार्डन, निशात गार्डन, शंकराचार्य मंदिर, जामिया मस्जिद, श्री अमरनाथ गुफा मंदिर, हजरतबल दरगाह आदि प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- जम्मू और कश्मीर|

9. बीर बिलिंग

“भारत की पैराग्लाइडिंग राजधानी” के रूप में जाना जाने वाला, हिमांचल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल बीर बिलिंग जिसका नाम अभी भी कई पर्यटकों के लिए नया है और प्राकृतिक खूबसूरती से भरा होने के बाद भी काफी पर्यटकों की पहुँच से दूर है यहाँ पर कई बौद्ध मठ तथा एक तिब्बती शरणार्थी बस्ती भी है जो इसे दूसरे स्थानों से भिन्न बनाती है| अध्यात्म की दृष्टि से बना हुआ यहाँ का बैजनाथ मंदिर, यहाँ के जल के औषधीय गुण के कारण भक्तों हेतु आकर्षण का केंद्र बना हुआ है|

यहाँ के ट्रेकिंग और कैम्पिंग वाले रास्तों से होकर बरोट घाटी का दृश्य एक सुखद अनुभव है जो की ट्रेकिंग की थकान को यहाँ बैठ कर सुन्दर नजारों के बीच गायब कर देता है| 51 शक्तिपीठों में से एक चामुंडा मंदिर, यहाँ आये पर्यटकों के लिए अध्यात्म को अनुभव करने का बेहतरीन विकल्प है|

यहाँ आकर टॉय ट्रेन का सफ़र आपकी यात्रा को और भी यादगार बना सकता है जिसमें आपको इस सफ़र में बहती नदियाँ, कांगड़ा घाटी का सुन्दर नजारा तथा बर्फ की चादर को ओढ़े हुए धौलाधार पर्वतमाला की प्राकृतिक वादियाँ आपको इस स्थान में खो जाने को अवश्य ही विवश कर देंगी| ऐसे स्थान को फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह के शीर्ष स्थानों में से एक रखना तो बनता है|

बीर बिलिंग में घूमने की जगह-

बीर लैंडिंग साइट, हिरण पार्क संस्थान, बैजनाथ मंदिर, गुनेहर झरना, बंगोरू झरना, टेक ऑफ साइट बीर बिलिंग, ताशी जोंग मठ, पालमपुर, बरोट घाटी, चामुंडा देवी मंदिर, राज्गुन्धा घाटी, चोकलिंग मठ, चाय फैक्ट्री, धर्मालय संस्थान, करेरी झील आदि घूमने की जगह है|

लोकेशन- हिमाचल प्रदेश

10. लखनऊ

लखनऊ में घूमने की जगह, फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह ,

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जितना प्राचीन शहर है उतना ही आधुनिकता से भरा भी है| नवाबों का शहर लखनऊ, दुनिया भर में अपने अवधी खाने के लिए प्रसिद्ध है| इतिहास, संस्कृति और कला क्षेत्र में निपुण गोमती नदी के किनारे बसे लखनऊ में मुग़ल काल की इमारतों, संग्रहालयों से लेकर मनोरंजन हेतु पार्क और भक्ति भाव के लिए मंदिरों की कोई कमी नहीं है|

यहाँ की तहजीब, खाने की महक और शायराना अंदाज, लखनऊ की विशेषता है जो देश-विदेश से लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है| विज्ञान में रूचि रखने वालों के लिए विज्ञान भवन से लेकर पशु प्रेमियों के लिए यहाँ का चिड़िया घर आकर्षण का केंद्र हैं| हरियाली से भरा हुआ शांत वातावरण के बीच किसी अपने के साथ हाथों में हाथ लिए घंटों बैठने का मन हो, तो लखनऊ का गोमती रिवरफ्रंट पार्क एक अच्छा विकल्प है| यहाँ की शान और सांस्कृतिक विरासत देखने के लिए आपको इस जगह को फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह में रखना चाहिए|

लखनऊ में घूमने की जगह-

रूमी दरवाजा, बड़ा इमामबाड़ा, जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमती रिवरफ्रंट पार्क, जामा मस्जिद, लखनऊ रेजीडेन्सी, चिड़ियाघर, डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क, हजरतगंज मार्केट, आनंदी वाटर पार्क, छतर मंजिल, सिकंदर बाग़, इंदिरा गाँधी तारामंडल, चन्द्रिका देवी मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, हुसैनाबाद क्लॉक टावर, सतखंडा, दिलकुशा कोठी, मरीन ड्राइव, मोती महल, अम्बेडकर पार्क, फिनिक्स मॉल, आम्रपाली वाटर पार्क आदि लखनऊ में घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- उत्तर प्रदेश|

इस प्यार के महीने के लिए हमने आपको आर्टिकल ‘फरवरी में घूमने की 10 बेस्ट जगह’ में उन सभी जगहों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी है जो आपको सुकून भरे माहौल के साथ-साथ रोमांच से भरे अनुभव भी देगी| यह ध्यान दिया गया है कि हर एक राज्य से एक ही स्थान का चुनाव किया जाये, जिससे आप ज्यादा से ज्यादा घूम सकें| हमारे आर्टिकल को अंत तक पढने के लिए धन्यवाद| इसी तरह हमें प्यार दें और पसंद आने पर अपने प्रियजनों के साथ साझा भी करें|

यह भी जानें-

Deeksha Dixit

Writer & Blogger

Related Posts:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Me

मेरा नाम दीक्षा दीक्षित हैं मुझे लगता हैं कि मेरा परिचय सबसे पहले मेरी बेटी से ही शुरू होना चाहिए|

Latest Blogs

  • All Posts
  • Assam
  • Beaches
  • Blog
  • Braj Yatra
  • Goa
  • Hill Station
  • History
  • Madhya Pradesh
  • Maharastra
  • Meghalaya
  • My City
  • Nagaland
  • Pilgrimage
  • Rajasthan
  • Top 10
  • Travel Tips
  • Uttar Pradesh
  • Uttrakhand

Newsletter

JOIN THE FAMILY!

Get notified to know our latest blogs!!!

 

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Top 10 Blogs

Explore Our Top 10 Blogs

Categories

Edit Template

Copyright © 2025 anjaanraste.com| All Rights Reserved. | Read our Privacy Policy