मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह : Best 10 Places To Visit In Monsoon

मानसून का समय जब चारों ओर प्रकृति अपनी खूबसूरती के चरम पर होती है और हर तरफ हरियाली को बिखेर कर एक अलग ही आनंद प्रदान करती है जिसको आँखों से देख लेने भर से मन उल्लास से भर जाता है तो प्रकृति की इन अद्भुत रचनाओं को निहारने के लिए मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह के बारे में जिक्र करना तो लाजमी है जब इस अनोखे सफर में ऐसा हमसफ़र साथ हो जिसके साथ होने से इस सफर का मजा और भी दोगुना हो जाए तब तो यह सोने पे सुहागा वाली बात हो जाती है|

हमारे देश भारत में घूमने की जगहों की कोई कमी नहीं है बात हो गर्मी की तो कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जो आपको चिलचिलाती गर्मी में भी ठंड का सुखद एहसास देंगे, बात हो ठंड की तो इस ठंड का मजा और बढ़ाने वाले भी कई स्थान होंगे या बात हो मानसून की जब भीनीं-भीनीं मिट्टी की खुशबू के साथ होने वाली बारिश, इस मौसम को चार चाँद लगा देती है|

ऐसे मौसम के लिए प्रकृति की अद्भुत खूबसूरती वाले कई दृश्य होंगे जो आँखों में कभी न धुलने वाली तस्वीर हमेशा के लिए बंद कर देंगे| तो ऐसे में इस खुशनुमा मौसम की रंगत को बढ़ाने वाले जगहों के बारे में तो पता होना चाहिए जहां जाकर हम अपने सब टेंशन भूल जाए और खो जाए इन वादियों में|

ये मौसम की बारिश और ये बारिश का पानी, देखा जाए तो ये पानी की बूंदें हमें ही तो ढूंढ रहीं हैं कि हम भी इन बूंदों में सब कुछ भूल कर खुद को भिगो दें जब पहाड़ हरियाली से भर गए हैं, झीलों की खूबसूरती उनके पानी ने और बढ़ा दी है और झरनों ने तो मानो कहा है कि बस थोड़ी देर और ठहर जाने को जिससे यह सब मिलकर हमें पूरी कायनात से मिलाने की साजिश कर सकें तो इतने सारे प्रकृति के खूबसूरत संदेशों को भला हम कैसे नजरअंदाज कर सकते हैं?

प्रकृति की इस कारीगरी की खूबसूरती का आनंद लेने के लिए जानते हैं मानसून में घूमने की जगह के बारे में विस्तार से|

मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह : Best 10 Places To Visit In Monsoon

वैसे तो मानसून के समय यात्रा थोड़ा सावधानीपूर्वक करनी चाहिए क्योंकि कुछ जगहों पर बारिश थोड़ा परेशान भी कर सकती है लेकिन यही बारिश हमें प्रकृति की अद्भुत कृतियों से रूबरू होने का भी मौका देती है तो ऐसे में हम आपके लिए मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह का चयन करके लाए हैं जहां आपको इस खूबसूरत मौसम का आनंद अवश्य आएगा| तो आगे बढ़ते हैं और जानते हैं मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह-

चेरापूँजी

चेरापूँजी जिसको वर्तमान में सोहरा के नाम से जाना जाता है, मेघालय राज्य की राजधानी शिलांग से लगभग 55 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है| वैसे तो इस स्थान को सबसे ज्यादा बारिश होने का रिकार्ड प्राप्त है फिर भी यहाँ पर पानी की काफी कमी है और निवासियों को पीने योग्य पानी के लिए काफी पैदल चलना पड़ता है|

प्रकृति की अद्भुत कारीगरी से नवाजा गया चेरापूँजी, मेघालय के पर्यटन उद्योग के लिए एक वरदान है जहां पर साहसिक पर्यटन से लेकर ब्रिटिश विरासत तथा यहाँ की खूबसूरती का सुखद एहसास कराने वाले झरने तक कई महत्वपूर्ण स्थान हैं जो हमेशा ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं| अगर बारिश से है प्यार, तो साल भर बारिश वाले इस स्थान को आप मानसून में घूमने की जगह में शामिल कर सकते हैं|

चेरापूँजी में घूमने की जगह- इको पार्क, डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज, सेवन सिस्टर वॉटरफॉल, गार्डन ऑफ केव्स, मवसमाई गुफा, वाह काबा वॉटरफॉल, अरवाह केव, काइनरेम वॉटरफॉल, नोहकलिकाई वॉटरफॉल, वेई सव्दोंड वॉटरफॉल, मावकडोक डिम्पेप वैली तथा डैन्थलेन वॉटरफॉल आदि चेरापूँजी में घूमने की जगह हैं|

लोकेशन- मेघालय

महाबलेश्वर

महाराष्ट्र का प्रसिद्ध हिल स्टेशन महाबलेश्वर, सह्याद्री पर्वतमाला पर स्थित है और अपने मनमोहक दृश्यों से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता रहता है| समुद्र तल से 4500 फीट (लगभग) की ऊंचाई पर स्थित महाबलेश्वर, स्ट्रॉबेरी के लिए विश्व भर में मशहूर है|

महाबलेश्वर स्वयं में सुंदर उद्यानों, मन को सुकून देने वाली हरियाली तथा आँखों में समा जाने वाले अद्भुत दृश्यों का अनोखा संगम सँजोये हुए है, जो मानसून के समय इसकी तस्वीर में चार चाँद लगा देते हैं जिसके कारण इसे मानसून में घूमने की जगह में शामिल किया जा सकता है|

महाबलेश्वर में घूमने की जगह- महाबलेश्वर मंदिर, कृष्णाबाई मंदिर, प्रतापगढ़ किला, तपोला, विल्सन पॉइंट, वेलोसिटी एंटरटेनमेंट, लोडविक पॉइंट, वेन्ना झील, धोबी वॉटरफॉल, आर्थर सीट, चाइनामैन वॉटरफॉल, हेलेन्स पॉइंट, बॉम्बे पॉइंट, मैप्रो गार्डन, ऐल्फिनस्टिन पॉइंट, बैबिंगटन पॉइंट, ऑन व्हील्स पार्क, एलीफैन्ट हेड पॉइंट, पंचगंगा मंदिर तथा लिंगमाला वॉटरफॉल आदि महाबलेश्वर के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- महाराष्ट्र

वैली ऑफ फ्लॉवर्स

वैली ऑफ फ्लावर्स या फूलों की घाटी के नाम से मशहूर, उत्तराखंड का यह राष्ट्रीय उद्यान हर प्रकृति प्रेमी और रोमांच प्रेमी के लिए वरदान है जो कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध अल्पाइन वनस्पतियों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है| वैली ऑफ फ्लॉवर्स मानसून के समय हर तरफ फूलों की खुशबू के साथ हरियाली बिखेरता हुआ अपनी खूबसूरती के चरम पर होता है जिसके कारण इसे मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना एक बेहतरीन विकल्प है|

यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल में शामिल फूलों की घाटी जहां पर आपको खसखस, मैरीगोल्ड, ऑर्किड, डेजी और प्रिमुला जैसे विदेशी फूलों का एक आकर्षक नजारा भी देखने को मिलेगा| ट्रैकिंग भरे इस सफर का मजा इसकी मंजिल मिलने से दोगुना हो जाता है जिसके कारण यह परिवार और मित्रों के बीच पिकनिक के लिए एक आदर्श गंतव्य है|

फूलों की घाटी के पास में घूमने की जगह- नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान, बद्रीनाथ, औली, रुद्रप्रयाग, हेमकुंड साहिब, माना तथा जोशीमठ आदि फूलों की घाटी के आस-पास में घूमने के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं|  

लोकेशन- उत्तराखंड

उदयपुर

राजस्थान राज्य का हीरा, उदयपुर जिसको किसी से भी वाकिफ कराने की जरूरत नहीं, ‘झीलों का शहर’ के नाम से विश्व भर में सुर्खियां बटोरे हुए है| समृद्ध परंपरा और संस्कृति की नींव को मजबूत करे हुए उदयपुर अपने महलों, शानदार किलों, भव्य मंदिरों, वन्यजीव अभयारण्यों तथा संग्रहालयों के लिए जाना जाता है| छम-छम करती बारिश के मौसम में यहाँ की झीलों के किनारे बैठकर अद्भुत नजारों को निहारना हो, तो उदयपुर को मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना हरगिज न भूलें, इस पारंपरिक शहर की मिठास आपके इन हसीन पलों में अवश्य ही घुलकर आपको हमेशा के लिए यादगार पल दे जाएगी|

उदयपुर में घूमने की जगह- फतेहसागर झील, पिछोला झील, राजसमंद झील, उदयपुर मार्केट, लेक पैलेस, गणगौर घाट, करणी माता मंदिर, उदय सागर झील, जग मंदिर, जगदीश मंदिर, सिटी पैलेस, विंटेज कार संग्रहालय, शिल्पग्राम, जीयन सागर, सज्जनगढ़ पैलेस, सहेलियों की बाड़ी तथा बागोर की हवेली आदि उदयपुर के पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- राजस्थान  

शिलांग

पूर्वोत्तर भारत की खूबसूरती को एक अलग रंग में बिखेरता हुआ शिलांग, अपने सुरम्य परिदृश्यों के कारण ही ‘स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट’ के नाम से जाना जाता है| मेघालय राज्य की राजधानी बना शिलांग, समुद्र तल से लगभग 1525 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है| बात हो कहीं घूमने की और शिलांग का नाम न याद आए यह कैसे संभव है?

चारों ओर से आकर्षक पहाड़ियों से घिरा हुआ शिलांग, असम की राजधानी गुवाहाटी से मात्र 100 किलोमीटर की दूरी पर है जिसे मानसून के समय में देखना खुली आँखों से स्वर्ग देखने जैसा है जब हर तरफ हरियाली के बीच में कल-कल करते झरने आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाते हैं| किसी शांति भरे स्थान में प्रकृति की गोद में बैठकर टिप-टिप करती बूंदों के बीच प्रकृति की अद्भुत कृतियों को निहारना हो तो शिलांग को मानसून में घूमने की जगह में शामिल करना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है|

शिलांग में घूमने की जगह- शिलांग पीक, लेडी हैदरी पार्क, पुलिस बाजार, डॉन बोस्को म्यूजियम, एलीफैन्ट वॉटरफॉल, एयरफोर्स म्यूजियम, कैथेड्रल ऑफ मैरी हेल्प ऑफ क्रिश्चियन चर्च, उमियम लेक, मावफलांग पवित्र वन, मौसिनराम, चेरापूँजी तथा लेटलम कैनियन आदि शिलांग के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- मेघालय

लेह लद्दाख

हिमालय की तीन पर्वतमालाओं लद्दाख, जांस्कर तथा कराकोरम से घिरा हुआ लेह, अपने प्राकृतिक परिदृश्यों के बीच पर्यटकों के लिए स्वर्ग समान है जिसकी सुंदरता को चंद शब्दों में बयान करना मुमकिन नहीं है| देश के सबसे बड़े जिलों में से एक लेह, समुद्र तल से 2300 मीटर से 5000 मीटर तक की ऊंचाई पर स्थित है| सुंदर गाँव तथा हरी-भरी घाटियों का अनोखा संग्रह लिए हुए लेह रोमांच प्रेमियों तथा प्रकृति प्रेमियों के लिए खजाना है जहां जाकर इसके खजानों को बखूबी तराशा जा सकता है|

बात हो मन की शांति की या करना हो अध्यात्म का अनुभव, लेह अपने आप में कई ऐसे स्थानों को समेटे हुए है जो आपको ऐसे सुखद अनुभवों से अवगत कराएंगे जिन्हें देखकर आप इन पलों में अवश्य खो जाएंगे| अगर प्रकृति की कारीगरी को करीब से निहारना हो तो लेह को मानसून में घूमने की जगह में शामिल करना हरगिज न भूलें|

लेह लद्दाख में घूमने की जगह- नुब्रा घाटी, लामायुरु, लेह पैलेस, चुम्बकीय पहाड़ी, हान्ले, हेमिस राष्ट्रीय उद्यान, थिकसे मठ, चादर ट्रैक, अलची, खारदुंग ला, शांति स्तूप, त्सोमोरिरी झील, पैंगोंग झील, फुगताल मठ, स्पितुक गोम्पा तथा कारगिल आदि लेह के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- लेह-लद्दाख (केंद्र शासित प्रदेश)

ओरछा

मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक शहर ओरछा, बेतवा नदी के तट पर स्थित है और इसकी स्थापना बुंदेला राजपूत प्रमुख रुद्र प्रताप ने की थी| बुंदेला राजवंश की संस्कृतियों को बरकरार रखे हुए ओरछा, पक्षी प्रेमियों तथा इतिहास प्रेमियों के लिए एक लोकप्रिय स्थान है जिसके कई स्मारक आज भी अपनी मूल भव्यता को बनाए हुए हैं| ओरछा में आध्यात्म के अनुभव के साथ ही साथ रोमांच प्रेमियों के लिए भी कई मनोरंजन के साधन हैं| यहाँ पर भगवान राम को समर्पित श्री रामराजा मंदिर भी है जहां पर भगवान राम की पूजा राजा के रूप में होती है और यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है|

ओरछा में घूमने की जगह- बेतवा नदी, श्री रामराजा मंदिर, राजा महल, जहांगीर महल, ओरछा किला, चतुर्भुज मंदिर, छतरियाँ, ओरछा पक्षी अभयारण्य तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर आदि ओरछा के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- मध्य प्रदेश

पुरी

भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी, हमेशा से ही अपने उत्कृष्ट स्वरूप के कारण भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रहती है| पुरी को मानसून में घूमने की जगह में शामिल न किया जाए ये कैसे हो सकता है? क्योंकि यही वह समय है जब देश भर में प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का आयोजन होता है जो कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को सम्पन्न होती है|

भारत के चार धामों में से एक पुरी, भगवान विष्णु के निवास स्थान के रूप में भी जाना जाता है जहां स्थित जगन्नाथ मंदिर भारत के पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है और जिसे किसी प्रकार के परिचय की आवश्यकता नहीं है|

पुरी की रथ यात्रा का वर्णन प्रसिद्ध ‘स्कन्द पुराण’ में भी देखने को मिलता है| ऐसे भव्य स्थान की भव्यता कुछ शब्दों में बयान नहीं हो सकती, इसका अनुभव करने के लिए आपको इसे मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल कर इस परम सुख का आनंद अवश्य लेना चाहिए|

पुरी में घूमने की जगह- जगन्नाथ मंदिर, विश्वनाथ हिल, काकटपुर, बलिहार चंडी, कोणार्क, गोल्डन बीच, चिल्का झील तथा बेलेश्वर आदि पुरी में घूमने लायक प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- उड़ीसा

गोवा

घूमने की बात हो और गोवा पीछे रह जाए यह कैसे हो सकता है? वो भी जब बात बारिश की है जब कभी हल्की-हल्की बूंदे तो कभी झमाझम बारिश हमें इन समुद्र की लहरों से रूबरू होने में और भी ज्यादा सुखद अनुभव कराएंगी, जब समुद्र के किनारे का हरा-भरा नजारा प्रकृति के और भी करीब होने का एहसास कराएगा तो ऐसे में गोवा को मानसून में घूमने की जगह में शामिल करना तो बनता है|

‘बीच कैपिटल ऑफ इंडिया’ की संज्ञा लिए हुए गोवा मानसून में बजट फ़्रेंडली भी हो सकता है| बात हो यहाँ के ऐतिहासिक किलों की, या बात हो इस पार्टी वाले माहौल में भी यहाँ के मंदिर और चर्चों में आध्यात्म की अनुभूति का, गोवा अपने अंदर सभी खजाने छुपाये हुए है बस आपको इन्हें तराशने की देर है तो बिना देर करे बैग पैक करिए और चलिए हमारे साथ हमारी इस सैर पर|

गोवा में घूमने की जगह- नॉर्थ गोवा, साउथ गोवा| विस्तृत रूप से गोवा से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी के लिए हमारे अन्य लेख ‘गोवा में घूमने की जगह’ को पढ़ें|

लोकेशन- गोवा

मुन्नार

दक्षिण भारत का लोकप्रिय हिल स्टेशन मुन्नार जिसे भूल जाना मुमकिन नहीं, अपनी हसीन वादियों में न जाने कितने पर्यटकों के पसंदीदा पलों को संजोये हुए है| समुद्र तल से लगभग 1600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मुन्नार, तीन पहाड़ी नदियों मुद्रापुझा, कुंडला तथा नल्लथन्नी से मिलकर बना है|

यहाँ के चाय के बागान, सदाबहार जंगल, खूबसूरत झीलें, घाटियां तथा वन्य जीवन इसे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाते हैं| भारत के टॉप हिल स्टेशनों की सूची में अपना नाम बरकरार रखने वाला मुन्नार इडुक्की जिले की पहाड़ियों पर बसा हुआ एक प्राकृतिक तोहफा है जिसे मानसून में घूमने की जगह में शामिल कर इस तोहफे की खूबसूरती को निहार कर इसे कुबूल किया जा सकता है|

मुन्नार में घूमने की जगह- चीयप्पारा वॉटरफॉल, ब्लॉसम हाइडल पार्क, अनामुडी पीक, अट्टूकड़ वॉटरफॉल, कुंडला झील, टाटा चाय संग्रहालय, पोथमेडू व्यू पॉइंट, टॉप स्टेशन, ऐराविकुलम नेशनल पार्क, एलीफैन्ट पार्क, मट्टूपेट्टी बांध, फ्लोरी कल्चर सेंटर तथा इको पॉइंट आदि मुन्नार के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|

लोकेशन- केरल

Note- मानसून का समय अच्छा जरूर है लेकिन सतर्कता के साथ, इसलिए मानसून में कहीं का भी प्लान करें उसके पहले उस स्थान की मौसम से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी अवश्य देख लें| सभी जगह समुचित व्यवस्थाओं के साथ और मौसम की नाजुकता को देखते हुए ही प्लान करें जिससे आप भले ही थोड़ा कम घूम पाए लेकिन हर जगह को इन्जॉय अधिक से अधिक कर सकें और अपनी यात्रा को सुरक्षित और सुखद बना सकें|

इस प्रकार हमारा लेख ‘मानसून में घूमने की 10 बेस्ट जगह’ यहीं समाप्त होता है जिसमें हमने मानसून के समय देखने वाली प्रकृति की बेहद खूबसूरत संरचनाओं का जिक्र किया है| अगर हमारा लेख पसंद आया हो तो अपने प्रियजनों के साथ साझा कर उन्हें भी मानसून में घूमने लायक जगह से जरूर अवगत कराएं| धन्यवाद| आपकी यात्रा शुभ हो|

यह भी पढ़ें-

Deeksha Dixit

Writer & Blogger

Related Posts:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Me

मेरा नाम दीक्षा दीक्षित हैं मुझे लगता हैं कि मेरा परिचय सबसे पहले मेरी बेटी से ही शुरू होना चाहिए|

Latest Blogs

  • All Posts
  • Assam
  • Beaches
  • Blog
  • Braj Yatra
  • Goa
  • Hill Station
  • History
  • Madhya Pradesh
  • Maharastra
  • Meghalaya
  • My City
  • Nagaland
  • Pilgrimage
  • Rajasthan
  • Top 10
  • Travel Tips
  • Uttar Pradesh
  • Uttrakhand

Newsletter

JOIN THE FAMILY!

Get notified to know our latest blogs!!!

 

Top 10 Blogs

Explore Our Top 10 Blogs

Categories

Edit Template

Copyright © 2025 anjaanraste.com| All Rights Reserved. | Read our Privacy Policy