नवरात्रि हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण त्यौहार है जो कि सभी जगह बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है| वर्ष में 2 बार नवरात्रि का त्यौहार मनाया जाता है एक तो चैत्र नवरात्रि जिसका समापन राम नवमी के दिन होता है और दूसरा शारदीय नवरात्रि जिसका समापन विजयादशमी को होता है| घरों से लेकर पूजा-पंडालों तक सभी जगह नवरात्रि का जश्न भक्तों की आँखों में एक नई चमक ला देता है| नवरात्रि जिसका विच्छेद करने पर दो शब्द प्राप्त होते हैं: नव तथा रात्रि! अर्थात् नौ रातें जिनमें माँ दुर्गा के 9 रूपों की पूजा होती है जिसके कारण माँ के स्वरूप बनी कन्याओं का भोज कराने का भी रिवाज है|
नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह : ऐसे स्थान जहां जाकर आपको माँ दुर्गा की दिव्य शक्तियों का होगा एहसास
कहीं नवरात्रि में लोग अखंड ज्योति जलाते हैं तो कहीं माँ की प्रार्थना हेतु भक्त माँ के 9 दिनों तक उपवास करते हैं| कोई नवरात्रि के अवसर पर माँ के शक्तिपीठ में दर्शन हेतु भक्तों की कतार में लगा हुआ है तो कोई इस अवसर पर माँ की पूजा के साथ ही में अपने परिवार के भरण-पोषण के भी अवसर ढूंढ रहा है वो कहते हैं न जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी| लेकिन माँ दुर्गा सभी पर अपनी कृपा अवश्य बरसाती है क्योंकि वह सिर्फ गुणगान नहीं देखतीं अपितु अपने भक्त के गुण भी देखती हैं|
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर एक भजन की चंद पंक्तियाँ जरूर इस समय मन में आ रहीं हैं जिनको आपके साथ साझा कर रही हूँ “आए नवरात्रि भक्तों माँ को मना लो, माँ की सेवा कर लो सेवा का मेवा पा लो, झूमो नाचो गा लो|” तो चलिए हम भी माँ की सेवा का अभिन्न अंग बनते हैं और शामिल हो जाते हैं साथ में इस अवसर में जहां बच्चों से लेकर बड़े तक सभी भक्तिमय हो गए हैं और माँ की पूजा के साथ ही एक दूसरे के साथ इस शुभ त्यौहार को मना रहे हैं|
Table of Contents
नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह : Best Places To Visit In Navratri-
नवरात्रि भारत के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग ढंग से मनायी जाती है कहीं माँ की पूजा भिन्न-भिन्न तरीके से होती रहती है कहीं पूजा अर्चना के साथ गरबा और डांडिया होते हैं तो कहीं पर माता के जागरण और कीर्तन होते हैं|
सभी भक्त नवरात्रि के शुभ अवसर पर माँ दुर्गा की भक्ति में डूब कर माँ के समक्ष उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं| तो आज हम उन सभी स्थानों के बारे में बात करेंगे जहां जाकर आपको माँ दुर्गा की दिव्य शक्तियों का एहसास स्वयं होगा, जहां माता के नौ रूपों की पूजा होती है, जहां माँ शक्तिपीठ के रूप में विराजमान है या फिर जहां माँ के भवन में जाने मात्र से ही आपके सारे दुख-दर्द मिट जाएंगे तो आगे बढ़ते हैं और जानते हैं नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह के बारे में जहां जाकर आपका रोम-रोम जय माता दी अवश्य कहेगा|
1. कोलकाता
अगर नवरात्रि में घूमने की जगह का ख्याल मन में आया है तो कोलकाता को अपनी लिस्ट में शामिल करना हरगिज न भूलिएगा जहां के नवरात्रि के दौरान सजने वाले दुर्गा पंडाल और भक्तों की माँ दुर्गा के प्रति आस्था आपको आध्यात्म के साथ ही साथ जश्न के माहौल का भी आनंद देगी|
यहाँ का पूजा करने का भव्य तरीका जिससे माँ का आह्वान किया जाता है आपको यहाँ की संस्कृति से अवगत कराता है| कोलकाता स्थित काली घाट मंदिर जो कि माता सती को समर्पित 51 शक्तिपीठों में से एक है, नवरात्रि में भक्तों के हुजूम से भरा रहता है| माँ दुर्गा की दिव्य शक्तियों का अनुभव करना चाहते हैं तो कोलकाता को नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह में जरूर शामिल करें|
कोलकाता में घूमने की जगह-
विक्टोरिया मेमोरियल म्यूजियम, हावड़ा ब्रिज, साइंस सिटी, इंडियन म्यूजियम, प्रिंसेप घाट, बेलूर मठ, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, बिरला मंदिर, मार्बल पैलेस, कालीघाट मंदिर, इको पार्क, नखोदा मस्जिद, पार्क स्ट्रीट, जूलाजिकल गार्डन, फोर्ट विलियम (विजय दुर्ग), सेंट पॉल कैथेड्रल, जोरासांको ठाकुरबाड़ी तथा न्यू मार्केट आदि कोलकाता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- पश्चिम बंगाल
2. जम्मू

शिवालिक पर्वतमाला पर स्थित जम्मू जिसका जिक्र प्राचीन ग्रंथ महाभारत में भी देखने को मिलता है, नवरात्रि में घूमने की जगह में शामिल करने योग्य स्थान है, जहां का वैष्णों देवी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है तथा नवरात्रि के समय यहाँ पर माता रानी के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में भक्त आते हैं|
‘मंदिरों का शहर’ की संज्ञा से संबोधित किया जाने वाला जम्मू जहां के बहू किले में स्थित महा काली का मंदिर भी रहस्यमयी शक्तियों से ओत-प्रोत है तो ऐसी धन्य शक्तियों के अनुभव के लिए इसे भला कौन ही अपनी नवरात्रि में घूमने लायक धार्मिक स्थान की सूची में शामिल नहीं करेगा? तो चलिए लगाते हैं माता रानी के जयकारे प्रेम से बोलो जय माता दी और बढ़ चलते हैं अपने इस दिव्य सफर की ओर|
जम्मू में घूमने की जगह-
वैष्णों देवी मंदिर, रणवीरेश्वर मंदिर, बहू किला, अमर महल, रघुनाथ मंदिर, अखनूर किला, मुबारक मंडी पैलेस, पंचवक्तर मंदिर, रानी कलहुरी देवी मंदिर, राधे श्याम मंदिर, पीर खो मंदिर, गुरुद्वारा सुंदर सिंह, पंजतीर्थी, जामा मस्जिद, पीर बुधन अली शाह साहिब दरगाह, महाकाली मंदिर (बावे वाली माता), संत रोचा सिंह आश्रम, सेंट कैथेड्रल गैरिसन चर्च, श्री सत्य नारायण मंदिर, आप शंभू मंदिर, महा माया मंदिर, गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देवजी, सेंट पॉल चर्च, हर-की-मंदिर, दूधा धारी मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर, श्री बनवारी दास मंदिर, राम तलाई मंदिर तथा राधा कृष्ण रुक्मणी मंदिर आदि जम्मू के प्रमुख स्थान हैं|
लोकेशन- जम्मू-कश्मीर (केंद्र शासित प्रदेश)
3. अहमदाबाद
समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से ओत-प्रोत अहमदाबाद, गुजराती सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र है जहां पर पर्यटकों हेतु कई आकर्षण के केंद्र हैं| नवरात्रि के त्यौहार में चार चाँद लगाने वाला अहमदाबाद नवरात्रि के दिनों में अपने गुजराती लोक गीतों से शहर को जगमग करता है|
नवरात्रि में अहमदाबाद में माता रानी के भक्त पूजा-अर्चना और व्रत तो करते ही हैं साथ ही साथ गरबा और डांडिया के माध्यम से एकत्रित होकर जश्न के माहौल के बीच अपनी श्रद्धा को बयां करते हैं| ‘गरबा का केंद्र’ कहा जाने वाला अहमदाबाद जहां पर गरबा के आयोजन हेतु कई विशेष स्थान भी होते हैं, जहां जाकर आप भी गरबा और डांडिया के इस उत्सव में शामिल हो सकते हैं| इन सुनहरे पलों के वास्तविक अनुभव के लिए इसे नवरात्रि में घूमने की जगह में अवश्य ही शामिल किया जाना चाहिए|
अहमदाबाद में घूमने की जगह-
साबरमती गांधी आश्रम, सरखेज रोजा, कांकरिया झील, साइंस सिटी, साबरमती नदी तट, हाथी सिंह मंदिर, अडालज वाव, भद्रा किला, परिमल गार्डन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, झूलता मीनार, लॉ गार्डन, ऑटो वर्ल्ड विंटेज कार संग्रहालय, मानेक चौक, अक्षरधाम मंदिर तथा जांजारी वॉटरफॉल आदि अहमदाबाद के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- गुजरात
4. दिल्ली
दिल वालों का शहर दिल्ली जहां के लोग हर त्यौहार में अपने रंगों को अवश्य ही बिखेर देते हैं, नवरात्रि के जश्न में भी किसी प्रकार की कोई कसर नहीं रखते हैं| जगह-जगह पर सजे हुए दुर्गा पूजा के पंडाल जहां उत्सव के जश्न को बढ़ाने के लिए लोगों के पारंपरिक पहनावे इस पंडाल की भव्यता में चार चांद लगाते हैं|
दिल्ली में माँ दुर्गा को समर्पित कई प्राचीन मंदिर हैं जिनमें नवरात्रि के दिनों में भक्तों का हुजूम लगा रहता है| यहाँ के देवी को समर्पित मंदिरों में गरबा और डांडिया का आयोजन आपको भी इस उत्सव में झूमने को अवश्य ही विवश कर देगा जिसके लिए आपको राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह में शामिल करना पड़ेगा|
दिल्ली में घूमने की जगह-
कालकाजी माता मंदिर, लाल किला, लोधी गार्डन, इंडिया गेट, लक्ष्मी नारायण मंदिर, योगमाया मंदिर, कात्यायनी माता मंदिर, काली माता मंदिर, हुमायूँ का मकबरा, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, पहाड़गंज, झंडेवाला मंदिर, गुफा मंदिर, कुतुबमीनार, सरोजनी नगर मार्केट, लोटस टेम्पल, कैनोट प्लेस, जामा मस्जिद, जंतर मंतर, अक्षरधाम मंदिर, राज़ घाट, नेशनल म्यूजियम, चांदनी चौक, अग्रसेन की बावली, नेहरू पार्क तथा इस्कॉन मंदिर आदि दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- दिल्ली
5. गुवाहाटी

गुवाहाटी स्थित कामाख्या मंदिर जो कि माता सती को समर्पित 51 शक्तिपीठों में से एक है, नवरात्रि के दिनों में भक्तों से भरा रहता है| नीलांचल पहाड़ियों पर स्थित कामाख्या शक्तिपीठ जहां पर माता की योनि की पिंड रूप में पूजा की जाती है, अपनी अद्भुत शक्तियों के कारण तांत्रिकों और साधुओं के पूजन का विशेष केंद्र बना हुआ है|
कामाख्या मंदिर में दुर्गा पूजा सबसे अलग तरीके से मनाई जाती है जो कि कृष्ण नवमी से शुरू होकर अश्विन शुक्ल नवमी तक एक पखवाड़े तक मनाया जाता है जिसके कारण इसे पखुआ पूजा भी कहा जाता है जिस दौरान यहाँ पर कुमारी पूजा भी की जाती है जिसमें कुंवारी कन्याओं को सजा कर माँ के रूप में पूजा जाता है और आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है| शारदीय नवरात्रि के इस पारंपरिक महोत्सव का आनंद लेने के लिए आप गुवाहाटी को नवरात्रि में घूमने की जगह में शामिल कर सकते हैं|
गुवाहाटी में घूमने की जगह-
कामाख्या मंदिर, बगला देवी मंदिर, पूर्व तिरुपति श्री बालाजी मंदिर, श्री उमानंद टेम्पल, नवग्रह मंदिर, असम स्टेट जू कम बोटैनिकल गार्डन, हाजों, पोबीतोरा वन्यजीव अभयारण्य, फैन्सी बाजार, चंदूबी झील, गुवाहाटी तारामण्डल, श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र, भुवनेश्वरी मंदिर, कामेश्वर मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, केदारेश्वर मंदिर, पांडुनाथ देवालय, असम स्टेट म्यूजियम, क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, इस्कॉन मंदिर तथा नेहरू पार्क आदि गुवाहाटी के प्रमुख स्थान हैं|
लोकेशन- असम
6. वाराणसी

आध्यात्मिक नगरी वाराणसी भोलेनाथ की नगरी के साथ ही साथ माँ दुर्गा को समर्पित कई प्राचीन प्रसिद्ध मंदिरों को भी खुद में पिरोये हुए है जिसके कारण यहाँ नवरात्रि बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है| वाराणसी में ही माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप को समर्पित माँ शैलपुत्री का एक प्राचीन मंदिर भी है जहां पर नवरात्रि के दिनों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है| मान्यता है कि यहाँ पर माँ शैलपुत्री स्वयं विराजमान है वैसे भी जहां शिव हैं वहाँ आदिशक्ति तो स्वयं होंगी ही| यहाँ पर माँ शैलपुत्री भक्तों की मनोकामनाओं को पूरा करती हैं जिसके कारण दूर-दूर से भक्त यहाँ माँ के दर्शन हेतु आते रहते हैं|
यहीं पर माता सती को समर्पित 51 शक्तिपीठों में से एक विशालाक्षी मंदिर भी है जहां पर माता सती की मणिकर्णिका गिरी थी| यहाँ पर नवरात्रि में काफी भीड़ होती है| नवरात्रि में माता के प्रति आस्था भक्तों द्वारा सजाए गए दुर्गा पंडालों में भी दिखती है| माता की शक्तियों का अनुभव करने के लिए आप वाराणसी को नवरात्रि में घूमने लायक धार्मिक स्थान की सूची में रख सकते हैं|
वाराणसी में घूमने की जगह-
शैलपुत्री दुर्गा मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मणिकर्णिका घाट, नमो घाट, संकतमोचन हनुमान मंदिर, गोपाल मंदिर, दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, मूलगंध कुटी विहार, भारतकला भवन, विश्वनाथ मंदिर (बी. एच. यू), संकठा मंदिर, सारनाथ, विशालाक्षी मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, माँ अन्नपूर्णा मंदिर, भारत माता मंदिर, कालभैरव मंदिर तथा मृत्युंजय मंदिर आदि वाराणसी के प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं|
लोकेशन- उत्तर प्रदेश
7. मैसूर
महाभारत काल से अपनी प्राचीनता की खूबसूरती बरकरार रखने वाला मैसूर कर्नाटक राज्य का एक महत्वपूर्ण अंग है जिसका समृद्ध इतिहास यहाँ के किले, स्मारक, मंदिर, चर्च, प्रागैतिहासिक स्थल तथा मस्जिद में झलकता है| मैसूर बुराई पर अच्छाई की जीत दिखाने वाले दशहरा उत्सव के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है|
नवरात्रि में कुछ अलग और नए प्रकार का उत्सव देखना है तो मैसूर को नवरात्रि में घूमने की जगह में जरूर शामिल करें जहां पर नवरात्रि के इस पावन अवसर पर हाथियों के माध्यम से शाही जुलूस निकाला जाता है जिसमें हाथियों को रंग-बिरंगे परिधानों और आभूषणों से सुसज्जित किया जाता है तथा देवी चामुंडेश्वरी की पूजा बहुत ही धूमधाम से की जाती है| हर तरफ जगमगाती लाइट्स से सजे हुए मैसूर का भव्य नजारा देखने के लिए आप इसे नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह की लिस्ट में शामिल करना हरगिज न भूलें|
मैसूर में घूमने की जगह-
मैसूर पैलेस, रेलवे संग्रहालय, करंजी झील, नंजंगुड मंदिर, मैसूर चिड़ियाघर, चामुंडी हिल्स, मैसूर रेत मूर्तिकला संग्रहालय, सुका वन, रंगनथिटु पक्षी अभयारण्य, शिवानासमुद्र झरना, सेंट फिलोमेना चर्च, जगनमोहन पैलेस, तलकाडु, चामुंडेश्वरी मंदिर, त्रिनेश्वरस्वामी मंदिर, काबिनी या कपिला नदी, ललिता महल पैलेस, कुक्कराहल्ली झील, मैलोडी वर्ल्ड वैक्स म्यूजियम तथा वृंदावन उद्यान आदि मैसूर के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- कर्नाटक
8. मुंबई

मुंबई, महाराष्ट्र की राजधानी बना एक भागता-दौड़ता शहर जहां पर काम की टेंशन भी है लेकिन जश्न मनाने के तरीके भी हैं| बॉलीवुड की शान बना मुंबई किसी भी त्यौहार के जश्न में पीछे नहीं रहता है, बात हो माँ दुर्गा के आगमन की या बात हो विघ्नहर्ता गणेश जी के स्वागत की, मुंबई हमेशा सभी त्यौहारों पर खुशियों के रंग अनोखे तरीके से ही लगाता है|
नवरात्रि के शुरू होने के पहले ही मुंबई में आपको इसकी जोरों-शोरों से हो रही तैयारियां उत्सव के जश्न में भिगो देंगी| दुर्गा पूजा के भव्य पंडाल से लेकर डांडिया नाइट की मस्ती तक, मुंबई में नवरात्रि के उत्सव में खुशियों के रंग भरे पड़े हैं जिनमें शामिल होने के लिए आपको मुंबई को अपनी नवरात्रि में घूमने की जगह की लिस्ट में अवश्य ही शामिल करना चाहिए|
मुंबई में डांडिया खेलने के लिए कई ऐसे स्थान होते हैं जहां जाकर आप रात भर झूम सकते हैं| मुंबई के बाजार देखकर आप यहाँ की नवरात्रि की रौनक का अंदाजा आसानी से लगा सकते हैं|
सोचिए कहीं महफ़िल के बीच में जगमगाती रोशनी के साथ गाना हो ‘अब आओ मेरे साथ, रह जाओ मेरे साथ, प्रेम नियां मौसम छे|’ और साथ ही दूसरी तरफ हमारा पार्टनर हमारा जीवनसाथी हो तो इस जश्न का माहौल ही दोगुना हो जाएगा| तो चलिए फिर शामिल हो जाइए हमारे साथ इस जश्न के माहौल में, नवरात्रि के रंगों को बिखेरने के लिए| इतना ही नहीं मुंबई के लोग जश्न के साथ ही साथ अपने भक्ति भाव से मंदिरों की लंबी लाइनों में माँ के दर्शन हेतु नवरात्रि में माँ के आशीर्वाद को भी प्राप्त करते हैं| मुंबई स्थित महालक्ष्मी मंदिर नवरात्रि में लंबी-लंबी कतारों से भक्तों से भरा रहता है जो भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है|
मुंबई में घूमने की जगह-
श्री महालक्ष्मी मंदिर, सिद्धि विनायक मंदिर, ग्लोबल विपश्यना पगोडा, छत्रपति शिवा जी महाराज वास्तु संग्रहालय, गेटवे ऑफ इंडिया, एलीफैन्टा केव्स, मरीन ड्राइव, जुहू बीच, मुंबा देवी मंदिर, हाजी अली, वानखेड़े स्टेडियम, हैंगिंग गार्डन, संजय गांधी नेशनल पार्क, तथा नेहरू प्लेनेटेरियम आदि मुंबई में घूमने के प्रमुख स्थान हैं|
लोकेशन- महाराष्ट्र
9. हरिद्वार
अगर आपको नवरात्रि के दिनों में शांति भरे किसी स्थान में आध्यात्म का अनुभव करना है तो हरिद्वार को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं जहां पर माँ दुर्गा को समर्पित कई प्रसिद्ध मंदिर हैं जहां पर माँ के दर्शन के समय होने वाले जयकारे आपको एक अलग ही सुखद अनुभव देंगे|
हरिद्वार में बिलवा पर्वत पर स्थित मनसा देवी मंदिर और नील पर्वत पर स्थित चंडी देवी मंदिर में नवरात्रि के दिनों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारे माँ के दर्शन को लगी रहती हैं| मान्यता है कि माँ अपने सभी भक्तों की मनोकामनाओं को पूरा करती हैं| किसी दिव्य स्थान में माता रानी के समक्ष अपनी मन की कामनायें रखने की इच्छा हो तो हरिद्वार को नवरात्रि में घूमने की जगह में शामिल कर सकते हैं|
हरिद्वार में घूमने की जगह-
हर की पौड़ी, चंडी देवी मंदिर, भारत माता मंदिर, मनसा देवी मंदिर, राजा जी राष्ट्रीय पार्क, पिरान कलियर, सुरेश्वरी देवी मंदिर, शांतिकुंज, सप्तऋषि आश्रम, विष्णु घाट, परमार्थ निकेतन आश्रम, वैष्णों देवी मंदिर, आनंदमयी आश्रम तथा माया देवी मंदिर आदि हरिद्वार के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- उत्तराखंड
10. मैहर
मध्य प्रदेश के मैहर में भी नवरात्रि का बहुत महत्व है जहां पर त्रिकूट पर्वत पर स्थित माँ शारदा के मंदिर में नवरात्रि के दौरान भक्तों का तांता लगा रहता है| दूर-दूर से श्रद्धालु माता के जयकारों की गूंज के साथ मैहर देवी के दर्शन करने आते हैं|
इस मंदिर की महिमा का बखान करना स्वयं में एक सौभाग्य है क्योंकि यहाँ पर आने वाली बाढ़ भी भक्तों को अपनी माँ के दर्शन से रोक नहीं पाई| माता सती को समर्पित शक्तिपीठों में से एक मैहर देवी जिसके बारे में मान्यता है कि माँ के परम भक्त आल्हा आज भी सबसे पहले उनकी पूजा करने आते हैं| माँ शारदा के दर्शन हेतु भक्ति और रहस्यों से ओत-प्रोत इस मंदिर को नवरात्रि में घूमने लायक धार्मिक स्थान में शामिल किया जा सकता है|
मैहर में घूमने की जगह-
माँ शारदा देवी मंदिर, आल्हा देव मंदिर, ओइला मंदिर, नीलकंठ आश्रम, पन्निखोह वॉटरफॉल, गोलमाथ मंदिर, मार्कन्डेय धाम, जगन्नाथ मंदिर, बाबा तालाब शिव मंदिर तथा बड़ा अखाड़ा मंदिर आदि मैहर के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं|
लोकेशन- मध्य प्रदेश
इसी के साथ हम हमारे लेख ‘नवरात्रि में घूमने की 10 बेस्ट जगह’ को विराम देते हैं और आशा करते हैं कि हमारा लेख आपके लिए उपयोगी होगा| अगर आपको हमारा लेख पसंद आया हो तो अपने स्नेहीजनों के साथ साझा करना हरगिज न भूलें| अंत तक पढ़ने के लिए आपका बहुत-बहुत आभार| इसी तरह हमारे अन्य लेखों को भी पढ़ें और अपनी राय भी हमें कमेन्ट के माध्यम से अवश्य बताएं| धन्यवाद|